घर बैठे पूरी करें जनगणना की स्वगणना, मिलेगा 11 अंकों का विशिष्ट पहचान नंबर

16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे परिवार का विवरण, एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेगी जनगणना टीम

लखनऊ। जनगणना 2027 के दूसरे चरण में अब नागरिकों को अपने परिवार का विवरण दर्ज कराने के लिए गणनाकर्मी (प्रगणक) के घर पहुंचने का इंतजार करना जरूरी नहीं होगा। सरकार ने नागरिकों को घर बैठे मोबाइल फोन या कंप्यूटर के माध्यम से स्वयं जनगणना का विवरण भरने की सुविधा दी है। इसके तहत 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।

यह व्यवस्था उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा और उत्तराखंड के गैर-बर्फीले क्षेत्रों में लागू होगी। इन क्षेत्रों में एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। इसके बाद पांच से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण कार्य होगा।

ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने पर मिलेगी एसई आइडी

स्वगणना के लिए नागरिकों को भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाना होगा। यहां संबंधित राज्य का चयन कर मोबाइल नंबर और कैप्चा दर्ज करना होगा। मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करने के बाद अपनी पसंद की भाषा चुनकर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी।

इसके बाद परिवार के निवास स्थान का जिला, तहसील, गांव अथवा शहर संबंधी विवरण भरना होगा। पोर्टल पर उपलब्ध मानचित्र में अपने मकान की सही स्थिति चिह्नित कर उसकी पुष्टि भी करनी होगी। इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी और जनगणना से संबंधित 40 सवालों के जवाब दर्ज करने होंगे।

सभी विवरण भरने के बाद उन्हें जांचने और आवश्यक सुधार करने का विकल्प मिलेगा। जानकारी अंतिम रूप से जमा करते ही 11 अंकों की विशिष्ट स्वगणना पहचान संख्या (एसई आइडी) जारी होगी। इसे सुरक्षित रखना जरूरी है।

प्रगणक को दिखानी होगी पहचान संख्या

जब जनगणना कर्मी एक दिसंबर से घर पहुंचेंगे, तब परिवार को अपनी एसई आइडी दिखानी होगी। प्रगणक इस पहचान संख्या के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज विवरण का मिलान करेंगे और उसकी पुष्टि करेंगे। इससे दोबारा पूरी जानकारी भरने की आवश्यकता नहीं होगी।

पुराने नंबर के बजाय नए मोबाइल से भी सुविधा

स्वगणना के दौरान यह भी सत्यापित किया जाएगा कि परिवार का मोबाइल नंबर जनगणना के पहले चरण में मकान सूचीकरण के समय दिए गए नंबर से मेल खाता है या नहीं। साथ ही यह पुष्टि करनी होगी कि परिवार उसी मकान में रह रहा है, जिसका विवरण पहले चरण में दर्ज किया गया था। यदि मोबाइल नंबर बदल गया है, तो नए नंबर से भी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। वर्तमान निवास स्थान का सही विवरण मानचित्र पर दर्ज करना भी आवश्यक होगा।

ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति को न बताएं

जनगणना विभाग ने नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। स्वगणना के दौरान मोबाइल पर आने वाला ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। केवल आधिकारिक सरकारी पोर्टल का ही इस्तेमाल करें और अपनी एसई आइडी को सुरक्षित रखें।

जनगणना 2027 को डिजिटल माध्यम से संचालित किया जा रहा है। स्वगणना की सुविधा से नागरिकों को अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने का अवसर मिलेगा और जनगणना की प्रक्रिया को अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।

Leave a Comment