चंद्रशेखर ग्वाला बड़खोला, 5 जुलाई : काछार जिले के बड़खोला थाना क्षेत्र के हरिणछड़ा में शनिवार रात हुए एक हिट एंड रन सड़क हादसे में सुरजलाल बाउरी नामक व्यक्ति की मौत के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। न्याय की मांग को लेकर ग्रामीणों ने रविवार दोपहर तक शिलचर–जयंतिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात लगभग 9 बजे हरिणछड़ा में एक तेज रफ्तार बाइक ने राहगीर सुरजलाल बाउरी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल सुरजलाल को पहले बरखोला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी हालत नाजुक होने पर उन्हें शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। शनिवार रात लगभग साढ़े 11 बजे से लोगों ने हरिणछोड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी जिला आयुक्त के मौके पर आने और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई तथा बरखोला के विधायक किशोर नाथ के घटनास्थल पर आने की मांग उठाई गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुर्घटना के काफी देर बाद तक प्रशासन का कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। अंततः प्रशासन के आश्वासन के बाद शनिवार देर रात करीब ढाई बजे जाम हटाया गया। हालांकि, आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर रविवार दोपहर तक क्षेत्र में विरोध जारी रहा और बीच-बीच में सड़क अवरोध भी किया गया।
लंबे समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने फरार बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और प्रशासन का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।