एसबीआई शाखा और जवाहर नवोदय विद्यालय की संयुक्त पहल, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

रामकृष्णनगर में विश्व पर्यावरण दिवस पर 50 पौधों का रोपण

एसबीआई शाखा और जवाहर नवोदय विद्यालय की संयुक्त पहल, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्रीभूमि जिले के रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) रामकृष्णनगर शाखा एवं जवाहर नवोदय विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों पर कुल 50 पौधे लगाए गए। वृक्षारोपण में जवाहर नवोदय विद्यालय के रसायन विभाग की प्रमुख देवश्री देव, एसबीआई रामकृष्णनगर शाखा के प्रबंधक नीलांजन आचार्य, रामकृष्णनगर नगरपालिका की अध्यक्ष प्रतिमा नाथ तथा विद्यालय एवं बैंक के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर देवश्री देव ने कहा कि स्वस्थ और संतुलित पर्यावरण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। बढ़ते प्रदूषण और हानिकारक गैसों से बचाव के लिए वृक्षों का संरक्षण समय की मांग है।

नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिमा नाथ ने कहा कि आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वृक्षों की कटाई की तुलना में नए पौधों का रोपण कम हो रहा है, जिससे पर्यावरणीय असंतुलन बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से अपने घरों और आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।

एसबीआई शाखा प्रबंधक नीलांजन आचार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए “मां के नाम एक पेड़” अभियान से प्रेरित होकर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ, हरित और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रामकृष्णनगर शाखा द्वारा यह पहल की गई है और भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे कार्यक्रम जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में जवाहर नवोदय विद्यालय के अधिकारी राजीव चक्रवर्ती, निशांत, विजय कुमार राठौर, श्रीकांत देव, राजू गोयाला, अमित नाथ, जयजीत नाथ, शुभम देव, राजू रजक, निरेन दास, चम्पा लाल कुर्मी तथा एसबीआई के सहायक प्रबंधक कौशिक घोष और मिलन नाथ सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

फोटो कैप्शन: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रामकृष्णनगर के जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में पौधारोपण करते एसबीआई एवं विद्यालय के अधिकारी।

Leave a Comment