आकस्मिक बाढ़ में कलवर्ट ध्वस्त

आकस्मिक बाढ़ में कलवर्ट ध्वस्त
अनिश्चितकाल के लिए बंद किया गया पांचग्राम-भाटिरकुपा मार्ग
वैकल्पिक रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग ६ के उपयोग की अपील
प्रतिनिधि हाइलाकांदी, १५ मई : लगातार हो रही भारी वर्षा और अचानक आई बाढ़ के कारण हाइलाकांदी जिले के पांचग्राम भाटिरकुपा पार्ट २ ग्रामीण सड़क पर स्थित एक महत्वपूर्ण कलवर्ट गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जनसुरक्षा के हित में हाइलाकांदी लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इस मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने का निर्णय लिया है।
शुक्रवार को हाइलाकांदी सड़क प्रभाग के कार्यकारी अभियंता द्वारा जारी एक सरकारी अधिसूचना में बताया गया कि आकस्मिक बाढ़ के दबाव के कारण सड़क पर बना कलवर्ट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके चलते यह सड़क फिलहाल अत्यंत जोखिमपूर्ण और यातायात के लिए पूरी तरह अनुपयुक्त हो गई है। संभावित दुर्घटनाओं से बचने के उद्देश्य से प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से यातायात बंद करने का फैसला लिया है।यह सड़क लंबे समय से क्षेत्र के अनेक गांवों के लोगों के लिए दैनिक आवागमन का प्रमुख साधन रही है। विशेष रूप से स्कूल कॉलेज के छात्र नौकरीपेशा लोग व्यापारी और सामान्य ग्रामीण प्रतिदिन इस मार्ग का उपयोग करते थे। अचानक सड़क बंद हो जाने से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। कई लोगों को अब वैकल्पिक मार्गों से लंबी दूरी तय कर आवागमन करना पड़ रहा है।लोक निर्माण विभाग की ओर से कहा गया है कि स्थिति सामान्य होने तथा क्षतिग्रस्त कलवर्ट की मरम्मत पूरी होने तक यह प्रतिबंध जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों और वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग के रूप में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या ६ का उपयोग करने की अपील की गई है।इसके अतिरिक्त यात्रियों से यातायात संकेतों और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का आग्रह किया गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि क्षतिग्रस्त सड़क पर प्रवेश करने का प्रयास गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है।उधर लगातार बारिश के कारण जिले के कई अन्य क्षेत्रों में भी जलभराव और सड़कों के क्षतिग्रस्त होने की खबरें सामने आ रही हैं। बताया गया है कि प्रशासन विभिन्न स्थानों की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।

Leave a Comment