असम हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में विद्या भारती के छात्रों ने लहराया परचम

असम हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में विद्या भारती के छात्रों ने लहराया परचम
  • शंकरदेव शिशु निकेतन, पाटाचारकुची के ज्योतिर्मय दास ने असम में प्रथम स्थान प्राप्त किया
असम हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा 2026 में शंकरदेव शिशु निकेतन, पाटाचारकुची के मेधावी छात्र ज्योतिर्मय दास ने राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपने विद्यालय सहित विद्या भारती परिवार को गौरवान्वित किया है। विद्या भारती से संबद्ध शिशु शिक्षा समिति असम तथा बराक वैली एवं दिमा हसाओ क्षेत्र में शिक्षा विकास परिषद, दक्षिण असम प्रान्त द्वारा विद्यालयों का संचालन किया जाता है। वर्तमान में असम में कुल 576 विद्यालय मातृभाषा माध्यम में संचालित होते हुए संस्कारयुक्त एवं मूल्य आधारित शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।
इस वर्ष घोषित हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में 403 विद्यालयों के 10375 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 5623 विद्यार्थियों ने प्रथम, 3546 ने द्वितीय तथा 516 विद्यार्थियों ने तृतीय श्रेणी प्राप्त की। इसके अतिरिक्त 1333 लेटर तथा 383 विद्यार्थियों ने डिस्टिंक्शन प्राप्त किया। इसके साथ ही 164 विद्यालयों का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। 17 विद्यालयों के सभी छात्रों ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की।
असम की समृद्ध भाषा एवं संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ विद्या भारती के निकेतनों ने शैक्षणिक क्षेत्र में सदैव उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। पिछले दो दशकों में विद्या भारती के 8 छात्रों ने राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रचा है। विद्या भारती द्वारा शिशु शिक्षा से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु पंचपदी शिक्षण पद्धति तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र के संगठन मंत्री डॉ. पवन तिवारी, अध्यक्ष प्रो. गंगा प्रसाद परसाई, क्षेत्रीय मंत्री डॉ. जगदीन्द्र रायचौधुरी, शिशु शिक्षा समिति असम के अध्यक्ष कुलेंद्र कुमार भगवती, प्रान्त मंत्री जगन्नाथ राजवंशी, तथा शिक्षा विकास परिषद दक्षिण असम प्रान्त के संगठन मंत्री महेश भागवत, अध्यक्ष निहारेंदु धर एवं प्रान्त मंत्री डॉ. दीपांकर पॉल ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व वर्षों में भी विद्या भारती के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है—
वर्ष 2023 में हृदम ठाकुरिया, 2019 में मेघाश्री बोरा, 2016 में मो. सरफराज हुसैन, 2012 में ज्ञानदीप शर्मा एवं स्तुति खौंड, 2011 में प्रकाशज्योति कलिता तथा 2010 में जुगल तालुकदार ने राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।

Leave a Comment